भविष्य निधि पर ब्याज दर 9.5 फीसदी हुई
नई दिल्ली, 15 सितम्बर (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने चालू वित्त वर्ष के लिए कर्मचारी भविष्य निधि पर ब्याज की दर एक फीसदी बढ़ाकर 9.5 फीसदी कर दी।
केन्द्रीय श्रम मंत्री मल्लिकार्जुन खड़गे और केंद्रीय न्यासी बोर्ड के बीच हुई बैठक के बाद इस बारे में घोषणा की गई।
केन्द्रीय न्यासी बोर्ड, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की नीति निर्माता इकाई है।
इस फैसले से 4.7 करोड़ से अधिक भविष्य निधिधारियों को फायदा होगा। उन्हें अब निवेश पर बेहतर र्टिन मिलेगा। भविष्य निधि संगठन के पास वर्तमान में 25 खरब रुपये की राशि है।
इससे पहले वर्ष 2005-06 में भविष्य निधि दर में परिवर्तन किया गया था और यह दर 8.5 फीसदी थी।
भविष्य निधि पर वर्ष 1989 से 2000 के बीच 12 फीसदी की दर से ब्याज मिला था।
यह दर श्रम संगठनों की 10.5 फीसदी की मांग से कम है।
भविष्य निधि पर ब्याज में वृद्धि से महंगाई की मार झेल रहे मध्य वर्ग को राहत मिलेगी। इस वृद्धि से राजकोष पर 1600 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार पड़ेगा, हालांकि इसकी भरपाई भविष्य निधि संगठन के सस्पेंस खाते में पड़े 1730 करोड़ रुपये की राशि से की जा सकेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications