अमेरिकी प्रतिबंध का तत्काल असर नहीं पड़ेगा : नैस्कॉम
बैंगलुरू, 15 सितम्बर (आईएएनएस)। देश के सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र का शीर्ष संगठन नेशनल एसोसिएशन ऑफ सॉफ्टवेयर एंड सर्विसेज कंपनीज (नैस्कॉम) ने कहा है कि नए रोजगार के अवसर पैदा करने के बजाय अमेरिकी सरकार को 'प्रतिगामी कदम' उठाने से बचना चाहिए।
नैस्कॉम के अध्यक्ष सोम मित्तल ने यहां कहा कि हाल में अमेरिका द्वारा उठाए गए कदम चिंतनीय हैं लेकिन देश की कंपनियों पर इसका तुरंत असर नहीं पड़ेगा।
उन्होंने कहा, "हम आशा करते हैं कि अमेरिका प्रतिगामी कदम उठाने के बजाय रोजगार पैदा करने के लिए अधिक सकारात्मक कदम उठाएगा और प्रतियोगी बनेगा। प्रतिगामी कदम से दुनिया भर में संरक्षणवाद को बढ़ावा मिलेगा।"
हाल ही में अमेरिका के ओहियो स्टेट ने सरकारी विभागों के ऑफशोरिंग पर रोक लगा दी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी इस फैसले का स्वागत किया है और वह अक्सर आउटसोर्सिग के लिए अमेरिकी कंपनियों की आलोचना करते रहे हैं।
अमेरिका में यह कदम एच-1बी और एल1 वीजा के लिए शुल्क बढ़ाए जाने के बाद उठाया गया है।
मित्तल ने कहा कि आउटसोर्सिग को लेकर ज्यादा शोर-शराबा अमेरिका में सीनेट और हाऊस ऑफ रिप्रजेंटेटिव के लिए होने वाले मध्यावधि चुनाव के कारण हो रहा है।
मित्तल ने कहा, "हमें नहीं पता कि यह विवाद क्या रूप लेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications