बुद्धदेव ने की मीडिया की आलोचना
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की राज्य इकाई की नई वेबसाइट को दिए एक साक्षात्कार में भट्टाचार्य ने कहा, "मीडिया का एक बड़ा वर्ग नक्सलियों का समर्थक है। कुछ पत्रकार तो ऐसे हैं जिन्हें नक्सलियों की विचारधारा के बारे में जानकारी तक नहीं है, वे भी उनके प्रति सहानुभूति रखते हैं।"
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मीडिया संस्थानों के मालिक मुख्यधारा की वामपंथी पार्टियों पर हमला करने के लिए नक्सलियों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सही सोच रखने वाले सभी लोगों के लिए नक्सलवाद एक बड़ा खतरा है। "उनका कार्यक्रम लोकतांत्रिक ढांचें, संविधान और देश को तहस नहस करने का है।"
भट्टाचार्य ने कहा, "नक्सली इसलिए दुर्गम क्षेत्रों से अपनी कार्रवाई को अंजाम देते हैं क्योंकि आतंक की राजनीति को क्रियान्वित करने के लिए उन्हें इसका भौगोलिक लाभ मिलता है। इसलिए नहीं कि इन क्षेत्रों में गरीब और जनजातीय समुदाय के लोग रहते हैं।"
मुख्यमंत्री ने यह स्वीकार किया कि विकास न होने के कारण राज्य में नक्सल समस्या ने बड़ा रूप धारण किया लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी कहा, "लेकिन सिर्फ विकास ही इसका मुख्य कारण नहीं है।"
नक्सलियों और तृणमूल कांग्रेस के रिश्तों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "तृणमूल कांग्रेस किसी भी तरह सत्ता में आना चाहती है। इसलिए वह नक्सलियों का समर्थन करती है। वह नक्सलियों के रास्ते अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications