जाट आरक्षण को लेकर हिसार में उबाल, कर्फ्यू लगा
हिसार। हरियाणा में सरकारी नौकरियों और शैक्षणिक संस्थाओं में जाट समुदाय के लोगों को आरक्षण दिए जाने की मांग को लेकर मंगलवार को किए गए प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया है। जिले में व्याप्त हिंसा को देखते हुए शहर के कई संवेदनशील इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। हिंसा में 2 लोगों की मौत हो चुकी है। यही नहीं स्थिति को नियंत्रण करने में संघर्ष कर रहे जिला एवं पुलिस प्रशासन ने सेना से मदद मांगी है।
जिले में दोबारा हिंसा फैलने के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने सेना से मदद मांगी है। जिले में सोमवार को जाट समुदाय के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में एक व्यक्ति की मौत और कई लोग घायल हो गए थे। प्रदर्शनकारियों ने सरकारी और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया था।
राज्य सरकार के के मुताबिक, "हिसार जिले के सभी संवेदनशील इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। प्रशासन ने कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक तथा निजी संपत्तियों को नुकसान से बचाने के लिए सेना की मदद मांगी है।" हिसार के जिलाधिकारी युद्धवीर सिंह खयालिया ने कहा कि ऐहतियात के तौर पर ये कदम उठाए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने निजी क्षेत्र के एक बैंक, एक एटीएम मशीन और एक कॉटन मिल पर हमला बोल दिया। उन्होंने तेल टैंकरों और हरियाणा सरकार की दो बसों में भी आग लगा दी। उपद्रव को देखते हुए हरियाणा रोडवेज ने प्रभावित इलाकों में अपनी सेवाएं स्थगित कर दी हैं। प्रदर्शनकारियों ने हिसार और दिल्ली से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-10 को भी अवरुद्ध कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे नेताओं ने हिसार में बैठक कर राज्य की भूपेंद्र सिंह हूडा के नेतृत्व वाली सरकार को मांगे मानने के लिए दो घंटे का अल्टीमेटम दिया। प्रदर्शनकारी हिसार के पुलिस अधीक्षक पद से सोमवार रात को हटाए गए सुभाष यादव पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने तथा तत्काल गिरफ्तार करने की मांग भी कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications