भगवा ब्रिगेड का भर्ती अभियान, पुलिस जांच शुरू
प्रदेश में शहरों से लेकर गांव तक में भगवा ब्रिगेड के पर्चे चस्पा हैं। इन पर्चो के जरिए कट्टर हिंदुओं को एकजुट करने की मुहिम चलाई गई है। इन पर्चो में भगवा ब्रिगेड का मार्गदर्शक दामोदर यादव और संयोजक राजेश बिड़कर को बताया गया है।
संयोजक बिड़कर ने आईएएनएस को बताया कि उनका संगठन इस्लामिक आतंकवाद के खिलाफ हिंदुओं को एकजुट करने का काम करेगा और उनका लक्ष्य हिंदू राष्ट्र की धारण को मजबूत करना हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह संगठन हिंदूवादी गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ मुस्लिम समाज के फतवों की तर्ज पर फरमान जारी करेगा।
मालूम हो कि अयोध्या की रामजन्म भूमि के मसले पर 24 सितम्बर को इलाहाबाद उच्च न्यायालय का फैसला आने वाला है और मध्य प्रदेश में इसके चलते सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस बीच भोपाल सहित अन्य स्थानों पर चस्पा इन पर्चो को पुलिस ने गंभीरता से लिया है।
पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) ए. के. सोनी ने आईएएनएस को बताया कि इन पर्चो के चस्पा होने की जानकारी पुलिस को है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications