कोई भी जगह भ्रष्टाचार से अछूता नहीं : राहुल गांधी
शांतिनिकेतन, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि कोई भी जगह भ्रष्टाचार से अछूता नहीं है और इस समस्या के समाधान के लिए युवाओं को आगे आना चाहिए।
गांधी ने विश्वभारती विश्वविद्यालय में कहा कि भ्रष्टाचार का आरोप लगाने पर हमेशा वाहवाही मिलती है, लेकिन जो लोग इस बुराई के समाधान के लिए आगे आते हैं उनकी प्रशंसा नहीं होती। राहुल गांधी मंगलवार को विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों से रूबरू हो रहे थे।
एक शोध छात्र ने बातचीत के दौरान गांधी से विश्वविद्यालय को भ्रष्टाचार मुक्त करने के संबंध में सवाल किया।
इसके जवाब में राहुल गांधी ने कहा, "जब आप किसी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हैं, तो बहुत सारे लोग आपकी प्रशंसा करने लगते हैं। लेकिन जब आप भ्रष्टाचार के खिलाफ कुछ करने की सोचते हैं, तो इसकी प्रशंसा बहुत कम लोग करते हैं, और जब आप इसे रोकने के लिए कुछ करते हैं तो आपके साथ कोई खड़ा नहीं होता।"
सत्र में भाग ले रहे एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया कि शोध छात्र के सवाल के जवाब में अमेठी के सासंद ने कहा, "मैं जानता हूं कि यहां भ्रष्टाचार है। मैं यह भी जानता हूं कि कोई भी जगह भ्रष्टाचार से अछूता नहीं है। आप पढ़े-लिखे एक शोध छात्र हैं। इसलिए आप जैसे लोगों को आगे आना चाहिए। आप लोग मुझे बताएं कि इस समस्या से कैसे निपटा जाए।"
गौरतलब है कि कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के इस दौरे से मीडिया को दूर रखा गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications