मलेरकोटला में हालात सामान्य, कर्फ्यू में 3 घंटे की ढील
प्रशासन ने हालांकि ऐहतियात के तौर पर अपने उस आदेश को कायम रखा है जिसमें कहा गया था कि पांच या उससे अधिक लोग एक जगह पर एकत्र नहीं हो सकते हैं। मलेरकोटला में 11 बजे सुबह से दोपहर दो बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई थी।
गौरतलब है कि चण्डीगढ़ से लगभग 150 किलोमीटर दूर संगरुर जिले के मलेरकोटला कस्बे में सोमवार को उस समय कर्फ्यू लगा दिया गया था जब अमेरिका के मिशिगन में कुरान की प्रतियों को जलाए जाने की अफवाह फैलने के बाद उग्र भीड़ ने यहां के एक चर्च में आग लगा दी थी।
हिन्दू और मुस्लिम समुदाय के धार्मिक नेताओं ने जिले के आला अधिकारियों से सोमवार को मुलाकात कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की थी। नेताओं ने कहा था कि अमेरिका में कुरान की प्रति जलाए जाने की अफवाह की तरफ लोगों को ध्यान नहीं देना चाहिए।
पुलिस के मुताबिक पवित्र कुरान की प्रतियों को जलाए जाने की अफवाह उस समय फैली थी जब फ्लोरिडा के एक पादरी ने अमेरिका में हुए 9/11 आतंकी हमले की बरसी पर कुरान की प्रतियों को जलाने की धमकी दी थी।
गौरतलब है कि मलेरकोटला कस्बे की आबादी लगभग 110,000 है जिनमें 55 फीसदी मुसलमान हैं। सामान्य तौर पर यह शांतिपूर्ण कस्बे के तौर पर जाना जाता रहा है क्योंकि वर्ष 1947 में भारत-पाकिस्तान के बंटवारे के समय भड़की हिंसा के बाद से ही अब तक यहां पर किसी तरह की हिंसा नहीं हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications