बिहार में डेंगू के मरीजों की संख्या 60 के पार
पटना, 14 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में डेंगू से पीड़ित लोगों की संख्या में प्रतिदिन इजाफा हो रहा है। पिछले तीन दिनों के भीतर इस बीमारी से पीड़ित होने वाले मरीजों की संख्या 60 को पार कर गई है।
राज्य सरकार ने डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी अस्पतालों को सतर्क कर दिया है। राज्य में सबसे अधिक मामले मुंगेर जिले में समाने आए हैं जहां पीड़ितों की संख्या 62 से अधिक हो गई है।
पटना में सरकारी अस्पतालों के अलावा निजी अस्पतालों में भी पीड़ित लोगों को भर्ती कराया गया है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक डेंगू की वजह से मुंगेर में दो लोगों की तथा बेगूसराय में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर इस मामले में कई आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद से भी इस मसले पर फोन से बातचीत की।
पटना के सिविल सर्जन डॉ़ चन्द्र भूषण प्रसाद सिंह ने मंगलवार को बताया कि उनके पास अब तक डेंगू से पीड़ित 37 मरीजों की रिपोर्ट आ चुकी है। जिले के सभी अस्पतालों में बुखार से पीड़ित मरीजों की उचित जांच करने तथा सभी अस्पतालों में डेंगू की शिकायत वाले मरीजों के लिए अलग वार्ड की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications