पाकिस्तान में अमेरिकी ड्रोन हमले में 8 आतंकवादी मारे गए
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक पाकिस्तान के एक खूफिया अधिकारी ने बताया कि एक मानवरहित विमान ने उत्तरी वजीरिस्तान कबायली जिले की शावल घाटी के एक घर को निशाना बनाते हुए तीन मिसाइलें दागी थीं। हमले में वह इलाका पूरी तरह नेस्तनाबूत हो गया।
अधिकारी ने कहा, "स्थानीय तालिबानी आतंकवादी इस घर को एक केंद्र के रूप में इस्तेमाल करते थे। वहां से आतंकवादियों और ग्रामीणों के 10 शव बाहर निकाले गए हैं, और शवों व घायलों की खोज अब भी जारी है।"
एक अन्य खूफिया अधिकारी ने भी घटना की पुष्टि की है लेकिन उसने मरने वालों की संख्या आठ बताई है।
उत्तरी वजीरिस्तान में इस महीने यह 10वां ड्रोन हमला था। यह इलाका तालिबान और अलकायदा आतंकवादियों का गढ़ माना जाता है, जो हमेशा अफगानिस्तान में नाटो के नेतृत्व वाली अंतर्राष्ट्रीय सेना पर सीमापार से हमले करते रहते हैं।
अमेरिका ने सार्वजनिक रूप से ड्रोन हमलों की पुष्टि नहीं की है लेकिन वाशिंगटन में अधिकारियों ने यह गैर आधिकारिक दावा किया था कि वर्ष 2008 से पाकिस्तान के कबायली इलाके में ड्रोन हमले बढ़े हैं और इससे अलकायदा व तालिबान के दर्जनों लड़ाकों का खात्मा हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications