बाढ़ पीड़ितों के लिए मुशर्रफ ने 25 करोड़ रुपये इकट्ठा किए
समाचार पत्र 'डान न्यूज' के मुताबिक मुशर्फ ने पाकिस्तान के दुन्या टीवी के रविवार रात प्रसारित हुए तीन घंटे के कार्यक्रम में दुनिया के लोगों से प्रभावितों की मदद करने की अपील की और लोगों ने उत्साह दिखाते हुए 25 करोड़ रुपये सहायता दी।
लोगों ने इस शो में फोन किया और 'परवेज मुशर्फ फाउंडेशन' के लिए दान देने की बात कही। मुशर्फ के मुताबिक यह संस्था ब्रिटेन में पंजीकृत है।
उनके समर्थकों द्वारा उनकी भविष्य की योजनाओं के संबंध में प्रश्न पूछे जाने पर मुशर्फ ने कहा कि देश में अगले आम चुनाव के दौरान उनकी वहां लौटने की योजना है।
मुशर्फ ने 1999 में नवाज शरीफ सरकार का तख्ता पलटकर सत्ता की बागडोर अपने हाथ में ली थी और नौ साल तक देश का नेतृत्व किया था। पिछले दो साल से भी लंबे समय से वह ब्रिटेन, अमेरिका और दुबई में रह रहे हैं। पाकिस्तान में दो साल पहले हुए आम चुनाव के बाद मुशर्फ को 18 अगस्त, 2008 को राष्ट्रपति पद से त्यागपत्र देना पड़ा था।
वैसे अब भी उन्हें सत्ता में वापसी की उम्मीद है और उन्होंने एक राजनीतिक दल 'ऑल पाकिस्तान मुस्लिम लीग' भी खड़ा कर लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications