अमेरिका में कुरान जलने की खबर पाकर सड़कों पर उतरे कश्मीरी

श्रीनगर। कश्मीर घाटी के प्रमुख शहरों में चौबीसों घंटे का कर्फ्यू जारी रहने के बीच अमेरिका में कुरान का अनादर होने संबंधी अफवाहों के कारण सोमवार को लोग सड़कों पर उतर आए।

दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के घनी आबादी वाले गांवों के सैंकड़ों लोगों ने सोमवार सुबह कुरान के समर्थन और अमेरिका के विरोध में नारेबाजी की। ऐसे ही प्रदर्शन श्रीनगर के शालीमार क्षेत्र में भी हुए। स्थानीय लोगों के अनुसार एक ईरानी टीवी चैनल ने रविवार को घोषणा की कि पवित्र कुरान की एक प्रति अमेरिका में जलाई गई है। फ्लोरिडा के एक पादरी ने 9/11 के आतंकवादी हमलों की नौंवी बरसी पर कुरान की प्रति जलाने की धमकी भी दी थी।

इन विरोध प्रदर्शनों के दौरान भारत-विरोधी या सुरक्षाबलों के खिलाफ नारेबाजी नहीं हुई। जुलूस की अगुवाई कर रहे गांव के बुजुर्गो से यह सुनिश्चित करने की कोशिश की कि अमेरिका के खिलाफ गुस्सा, राज्य की पुलिस अथवा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के खिलाफ भड़काऊ गतिविधियों में न तब्दील हो जाए।

मंजूर अहमद नाम के 55 वर्षीय ग्रामीण ने कहा, "ये पूरी तरह इस्लाम-समर्थक प्रदर्शन हैं और हमारी मांग है कि उन लोगों को कड़ी सजा दी जाए जिन्होंने पवित्र कुरान का अनादर किया है। दुनिया के किसी भी हिस्से में कोई भी मुसलमान मूक दर्शक बनकर कुरान का अनादर होते नहीं देख सकता। यह प्रदर्शन सीमाओं और राष्ट्रीयताओं से परे है।"

उन्होंने कहा, "राज्य प्रशासन को हमारी भावनाएं समझते हुए हमें शांतिपूर्ण प्रदर्शन की इजाजत देनी चाहिए ताकि कुरान के अनादर के खिलाफ हमारी आवाज दुनियाभर में सुनी जा सके।" इस बीच श्रीनगर और घाटी के अन्य प्रमुख शहरों में कर्फ्यू सोमवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "पूरे श्रीनगर शहर, दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग, पुलवामा बिज्बेहारा और उत्तरी कश्मीर के बारामूला एवं सोपोर में कर्फ्यू जारी है। पूरी घाटी में हालात काबू में हैं।" गत 11 जून से घाटी में जारी हिंसा के ताजा दौर के बाद पहली बार यहां चौबीसों घंटे का कर्फ्यू लगाया गया है। इस हिंसा में अब तक 70 लोग मारे गए हैं।

पिछले तीन महीनों से प्रशासन संवदेनशील इलाकों में दिन में कर्फ्यू या प्रतिबंध लगाता था और रात होने पर पुलिस तथा सीआरपीएफ के कर्मी हटा लिए जाते थे। उस समय लोग रोजमर्रा की चीजें खरीद लिया करते थे। ईद की नमाज के बाद हिंसा भड़कने पर यह कर्फ्यू लगाया गया है। रविवार को शिक्षा मंत्री पीरजादा मोहम्मद सईद के आवास पर भीड़ ने हमला किया था।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+