पन्ना राष्ट्रीय उद्यान से 3 शावक गायब, खोज जारी
भोपाल। बाघों के मामले में देश के दूसरे सरिस्का के नाम से पहचान बना चुके मध्य प्रदेश के पन्ना राष्ट्रीय उद्यान को आबाद करने की कोशिश को एक बार फिर झटका लगा है। जब चार माह पहले जन्मे चार में से तीन शावक गायब हो गए।
गायब हुए शावकों की खोज का अभियान जारी है।
पन्ना राष्ट्रीय उद्यान के बाघ विहीन होने की चर्चाओं के जोर पकड़ने के बाद बाघ आबादी बढ़ाने के लिए पेंच राष्ट्रीय उद्यान से बाघ और बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान से बाघिन को लाया गया था। बाघिन ने इसी वर्ष मई महीने में तीन नर और एक मादा बाघ को जन्म दिया था। बाघिन के अलावा चारों शावकों को आठ सितम्बर को हिनौता रेंज में अंतिम बार देखा गया था। उसके
बाद से सिर्फ बाघिन और एक शावक ही नजर आया है। तीन अन्य शावक गायब हैं। पन्ना में वाइल्ड लाइफ वार्डन लोकेंद्र सिंह ने भी स्वीकार किया है कि तीन शावक गायब हैं जिनकी खोज जारी है। वे कहते हैं कि शावक हादसे का शिकार भी हो सकते हैं लेकिन उनका कहना है कि राष्ट्रीय उद्यान प्रबंधन अपनी जिम्मेदारी का ठीक तरह से निर्वहन कर रहा है।
वहीं दूसरी ओर भोपाल में वनमंत्री सरताज सिंह ने भी शावकों के गायब होने की बात स्वीकारते हुए बताया है कि बाघिन और बाघ के बीच झगड़ा हुआ है। इसी के चलते बाघिन उस क्षेत्र में नहीं जा पा रही है जहां बाघ है। वहीं शावक अभी खुद कोई शिकार करने की स्थिति में नहीं है। लिहाजा शावकों को बाघिन की ज्यादा जरूरत है। शावकों की खोज जारी है।












Click it and Unblock the Notifications