ग्राउंड जीरो पर मस्जिद निर्माण का इमाम ने लिया संकल्प (लीड-1)
न्यूयार्क, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका में 9/11 को हुए आतंकी हमलों में तबाह हुए विश्व व्यापार केंद्र के नजदीक मस्जिद बनाने की विवादस्पद योजना तैयार करने वाले इमाम ने सोमवार को अपनी योजना पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
सोमवार को न्यूयार्क में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में इमाम फैसल अब्दुल रउफ ने कहा, "क्या यह सब तूफान मायने रखता है? इसका स्पष्ट जवाब है हां। क्यों? क्योंकि यह केंद्र एक ऐसा स्थान होगा, जो हर मत के लोगों को एकजुट करेगा.. आपसी सम्मान के साथ।"
इमाम ने कहा, "यह केंद्र न्यूयार्क शहर को, देश भर के अमेरिकी मुसलमानों को, और दुनिया भर के अमेरिकियों को सम्मान दिलाएगा।"
इमाम ने हालांकि कहा कि वह अभी भी विकल्पों की तलाश में है। उसने संकेत दिया कि अभी भी समझौते की गुंजाइश है। उसने कहा, "टेबल पर सबकुछ है।"
इमाम रउफ ने अमेरिकी नागरिकों से आग्रह किया कि उन्हें सामान्य मुसलमानों की तुलना हमले को अंजाम देने वाले इस्लामी चरमपंथियों (आतंकियों) से नहीं करनी चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications