कश्मीर कैबिनेट ने की कुरान को अपवित्र किए जाने की निंदा
श्रीनगर, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर मंत्रिमंडल ने अमेरिका में कुरान को अपवित्र किए जाने संबंधी खबर की सोमवार को निंदा की और लोगों से आग्रह किया कि उन्हें विरोध प्रदर्शन के दौरान कानून को अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए।
कुरान अपवित्र किए जाने संबंधी खबर के बाद व्यापक तौर पर भड़की हिंसा के बाद सोमवार को यहां कैबिनेट की बैठक हुई। सोमवार की हिंसा में कश्मीर घाटी में 16 लोगों की मौत हो गई।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में कानून-व्यवस्था को तोड़े जाने का जायजा लिया।
बैठक के बाद यहां जारी एक बयान में कहा गया है, "पवित्र कुरान को अपवित्र किए जाने की कथित कार्रवाई की निंदा करने में कैबिनेट एक मत था। कैबिनेट ने इस कारण लोगों की भावना को पहुंची ठेस के प्रति भी अपनी पूर्ण सहमति जताई।"
इसके साथ ही कैबिनेट ने जनता से आग्रह किया कि उन्हें विरोध प्रदर्शन के दौरान कानून को अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए। बयान में कहा गया है, "इसके कारण अनावश्यक रूप से जान-माल का नुकसान ही होता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications