कर्नाटक विधानसभा उपचुनाव में 50 फीसदी मतदान (लीड-1)
राज्य निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता ने बताया, "चिकमगलूर जिले के काडूर एवं गुलबर्गा जिले के गुलबर्गा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण रहा।"
उन्होंने बताया, "काडूर विधानसभा में 177,000 मतदाता हैं। वहां 65 फीसदी मतदान हुआ तथा गुलबर्गा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में 54 फीसदी मतदान होने की खबर है। वहां मतदाताओं की संख्या 210,000 है।"
राज्य की दोनों सीटों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी दल कांग्रेस तथा जनता दल (सेक्युलर) के उम्मीदवारों के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
काडूर से कांग्रेस विधायक के. एम. कृष्णमूर्ति और गुलबर्गा दक्षिण से भाजपा विधायक चंद्रशेखर पाटील रेवूर के निधन के बाद ये सीटें खाली हुई थीं।
पूर्व मुख्यमंत्री एन.धरम सिंह के पुत्र अजय सिंह कांग्रेस की तरफ से गुलबर्गा दक्षिण सीट से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जबकि भाजपा की तरफ से राज्य के वरिष्ठ नेता और विधान परिषद सदस्य साशिल नामोशी चुनाव लड़ रहे हैं। जनता दल (सेक्युलर) की तरफ से रेवूर की पत्नी अरुणा पाटील चुनाव मैदान में हैं।
उधर, काडूर विधानसभा सीट से के. एम. कृष्णमूर्ति कांग्रेस के उम्मीदवार हैं, जबकि जनता दल (सेक्यूलर) की तरफ से पार्टी प्रवक्ता वाई.एस.वी. दत्ता चुनाव लड़ रहे हैं। वाई .सी. विश्वनाथ भाजपा के उम्मीदवार हैं।
मतगणना 16 सितम्बर को होगी। दोनों विधानसभा सीटों पर आने वाले नतीजों का असर हालांकि भाजपा सरकार की स्थिरता पर नहीं पड़ेगा।
गौरतलब है कि गुलबर्गा दक्षिण विधानसभा सीट पर कुल 11 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला तीनों प्रमुख पार्टियों के बीच ही है। काडूर में केवल तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications