प्रेमिका के परिजनों ने प्रेमी की जान ली
मेरठ, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में कथित रूप से प्रतिष्ठा के नाम पर एक युवती के परिजनों ने उसके प्रेमी की हत्या कर दी। इस मामले में युवती के पिता सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
यह घटना जानी थाना क्षेत्र के सटवई गांव की है जहां युवती के परिजनों ने उसके प्रेमी सुधीर (24) की रविवार रात गोली मारकर हत्या कर दी।
मेरठ के पुलिस अधीक्षक (देहात) अनंत देव ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि इस मामले में लड़की के पिता सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि हत्या में कुछ और लोग शामिल हो सकते हैं। घटना की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवती के परिजनों ने उसी से फोन करवाकर सुधीर को अपने घर बुलाया, फिर उसकी हत्या की।
पुलिस के मुताबिक युवती के सुधीर से प्रेम संबंध पिछले दो साल से थे। उसके परिजन इस रिश्ते से नाराज थे और उन्होंने सुधीर को कई बार धमकी भी दी थी। जब वह नहीं माना तो परिजनों ने रविवार को उसे बुलाया और हत्या कर शव को गड्ढे में फेंक दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications