उत्तराखण्ड के राजभवन की वेबसाइट का लोकार्पण
देहरादून, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। उत्तराखण्ड की राज्यपाल मारग्रेट अल्वा ने सोमवार को उत्तराखण्ड के राजभवन की वेबसाइट 'गर्वनर यूके डॉट गोव डॉट इन' का लोकार्पण किया। वेबसाइट पर जानकारियां हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध रहेंगे।
भारत सरकार के मानकों के अनुरूप एन.आई़ सी़ द्वारा विकसित इस वेबसाइट पर देहरादून एवं नैनीताल स्थित राजभवन का इतिहास, गोल्फ कोर्स, वहां की जैव विविधता सहित राज्यपालों का कार्यकाल, राज्यपाल का जीवन वृत्त, विशेष अवसरों पर दिए गए उनके विशेष अभिभाषण, संदेश आदि उपलब्ध रहेंगे।
वेबसाइट के लोकार्पण के अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि यह 'पारदर्शी प्रशासन' की पहल है। इस वेबसाइट के माध्यम से राजभवन, राज्यपाल, उनके अधिकार एवं कर्तव्य तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस संवैधानिक पद की भूमिका संबंधी पूरी जानकारी आम आदमी को उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने यह भी कहा कि 'सूचना का अधिकार अधिनियम' के तहत आम आदमी के अधिकारों को यह वेबसाइट और आसान करेगी।
अल्वा ने कहा कि इस वेबसाइट पर राज्य के विश्वविद्यालयों तथा उनसे संबद्ध संस्थानों के संबंध में दी जा रही विस्तृत जानकारी अभिभावकों तथा विद्यार्थियों के लिए अत्यंत मददगार साबित होगी। उन्होंने एऩ आई़ सी़ की इस पहल की सराहना करते हुए इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि सभी नागरिकों की सुविधा के लिए वेबसाइट द्वारा हिंदी एवं अंग्रेजी भाषाओं में जानकारी उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications