ओंकारेश्वर में नाव पलटने से 2 की मौत, 8 लापता (लीड-1)
जलगांव/खंडवा, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश सीमा पर सोमवार दोपहर बाद नर्मदा और कावेरी नदी के संगम पर ओंकार पर्वत की परिक्रमा करते वक्त नाव पलटने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग लापता हैं। ये सभी एक ही परिवार के हैं।
खंडवा पुलिस नियंत्रण कक्ष के प्रमुख बिहारी लाल मंडलोई ने बताया कि महाराष्ट्र के जलगांव जिले के बिटुआ गांव के रहने वाले ये लोग मध्य प्रदेश के खंडवा जिले स्थित ओंकारेश्वर मंदिर आए थे। नाव में 15 लोग सवार थे।
मरने वालों में से एक की पहचान 26 वर्षीय लक्ष्मण पाटील तथा एक वर्ष की बच्ची समृद्धि पाटील के रूप में की गई।
मंडलोई ने बताया, "पांच लोगों को बचा लिया गया है। अन्य आठ लोगों की तलाश जारी है।"
लापता लोगों में मनीषा अशोक पाटील (30), प्रियंका सचिन पाटील (22), भूषण दिगंबर पाटील (26), दीपाली भूषण पाटील (23), रेखा पंडित पाटील (38), अक्षय संदीप पाटील (4), अरावल अशोक पाटील (4) एवं एक साल की निशा शमिल हैं।
खंडवा के जिलाधिकारी डी.डी. अग्रवाल ने आईएएनएस को बताया कि जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
उन्होंने बताया कि ओंकार पर्वत के लिए चलने वाली नाव पर रोक लगा दी गई है। नगर पंचायत के मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजेश शर्मा को निलंबित कर दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications