कश्मीर में हिंसक झड़पों में 11 की मौत (लीड-4)

श्रीनगर और घाटी के अन्य प्रमुख शहरों में दो दिनों से जारी 24 घंटे के कर्फ्यू के बावजूद हिंसा भड़की जबकि पंजाब के हिंसाग्रस्त इलाके में कर्फ्यू लगाना पड़ा।

ऐसे में संवेदनशीन इलाकों में साम्प्रदायिक हिंसा की आशंका के मद्देनजर केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों को अलर्ट कर दिया है वहीं अमेरिका ने हिंसा पर निराशा जताते हुए कुरान का अनादर किए जाने की घटना की निंदा की है और कहा है कि यह अनुचित, असहिष्णु, विभाजनकारी और अमेरिकी मूल्यों के खिलाफ है। इस बीच अफवाह को फैलाने वाले ईरानी चैनल प्रेस टीवी के प्रसारण पर जम्मू एवं कश्मीर सरकार ने रोक लगा दी है।

हिंसा की इस ताजा घटना में घाटी के तंगमार्ग में चार लोगों की मौत हो गई जहां एक ईसाई मिशनरी स्कूल को जला दिया गया। इसके अलावा बड़गाम में चार, पमपोर में एक, बांदीपोरा में एक और चरार-ए-शरीफ में एक सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इसके साथ ही घाटी में अशांति के ताजा दौर में 11 जून से लेकर अब तक मरने वालों की संख्या बढ़कर 81 हो गई।

बड़गाम जिले में जहां एक प्रदर्शनकारी और एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई वहीं बांदीपोरा में भीड़ पर सुरक्षाबलों की गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, "बड़गाम जिले के हमहमा में भीड़ ने स्थानीय सशस्त्र पुलिस की चौकी पर हमला कर दिया। सुरक्षाकर्मियों की गोलीबारी में गुलाम रसूल तांत्रे नाम का एक व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गया।" उन्होंने बताया "घायल 50 वर्षीय तांत्रे ने शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइसेंज सौरा में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।"

उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा में सुरक्षा बलों द्वारा प्रदर्शनकारियों की भीड़ पर की गई गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "बांदीपोरा के आजस गांव में बेकाबू भीड़ पर सुरक्षा बलों की गोलीबारी में निसार अहमद भट नाम के एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।"

रपटों में कहा गया है कि सुरक्षा बलों की गोलीबारी के दौरान भट और रियाज अहमद नाम का एक अन्य प्रदर्शनकारी घायल हो गया। भट ने अस्पताल ले जाए जाते समय दम तोड़ दिया।

एक अन्य घटना में बड़गाम में नारेबाजी कर रहे लोगों को ले जा रहे ट्रक ने देविन्द्र सिंह नाम के एक कांस्टेबल को कुचल दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "घायल कांस्टेबल को बड़गाम अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया।" कांस्टेबल को अस्पताल पहुंचाने वाले वाहन को अस्पताल के बाहर मौजूद भीड़ ने पलट दिया और उसको आग लगा दी।

तंगमर्ग में प्रदर्शनकारियों ने एक ईसाई मिशनरी स्कूल, समाज कल्याण विभाग के कार्यालय की इमारत और पुलिस के एक वाहन को आग लगा दी। श्रीनगर के ओमपोरा, शालतेंग और बेमिना में भी बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों ने यहां लगाए गए चौबीसों घंटे के कर्फ्यू का उल्लंघन किया। अमेरिका-विरोधी प्रदर्शन जम्मू सहित हमहमा, ओमपोरा, शालतेंग, शालीमार, न्यूथेड और श्रीनगर के अन्य स्थानों में हुए।

दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले और श्रीनगर के शालीमार क्षेत्र में सैंकड़ों ग्रामीणों ने अमेरिका के विरोध में नारेबाजी की। लोगों के अनुसार एक ईरानी टीवी चैनल ने रविवार को घोषणा की कि पवित्र कुरान की एक प्रति अमेरिका में जलाई गई है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "पूरे श्रीनगर शहर, दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग, पुलवामा बिज्बेहारा और उत्तरी कश्मीर के बारामूला एवं सोपोर में कर्फ्यू जारी है। पूरी घाटी में हालात काबू में हैं।" गत 11 जून से घाटी में जारी हिंसा के ताजा दौर के बाद पहली बार यहां चौबीसों घंटे का कर्फ्यू लगाया गया है।

इधर, नई दिल्ली अमेरिका के राजदूत टिमोथी रोमर ने एक बयान में कहा, "किसी भी पवित्र पुस्तक को जानबूझकर अपमानित करना घृणित कार्य है।"

केंद्र सरकार ने कश्मीर और पंजाब में भड़की हिंसा के बाद साम्प्रदायिक तनाव की आशंका के मद्देनजर राज्यों को सतर्क कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मंत्रालय ने राज्य सरकारों को साम्प्रदायिक रूप से संवेदनशील इलाकों पर नजर रखने कहा है। अधिकारी ने कहा कि केंद्र सरकार जम्मू एवं कश्मीर प्रशासन के लगातार संपर्क में है।

उधर, जम्मू एवं कश्मीर सरकार ने स्थानीय केबल संचालकों द्वारा प्रसारित किए जा रहे ईरानी टेलीविजन चैनल प्रेस टीवी पर रोक लगा दी है। राज्य के मुख्य सचिव एस.एस. कपूर ने संवाददाताओंे से कहा, "हमने लोगों से अपील की है कि वे सच्चाई जाने बगर किसी खबर पर यकीन न करें, क्योंकि सिर्फ प्रेस टीवी पर कथित रूप से पवित्र कुरान को अपवित्र किए जाने की खबर प्रसारित की गई है, दुनिया के किसी और समाचार चैनल पर नहीं।"

मुख्य सचिव ने कहा कि किसी भी राष्ट्रीय टेलीविजन चैनल ने कथित तौर पर कुरान को अपवित्र करने की खबर प्रसारित नहीं की है, क्योंकि यह खबर अपुष्ट है।

उधर, हिंसा की घटनाओं के बाद पंजाब के मलेरकोटला शहर में कर्फ्यू लगाना पड़ा। हिंसा रविवार देर रात यह अफवाह फैलने पर भड़की कि अमेरिका के मिशिगन में कुरान की प्रति जलाई गई है। आनन-फानन में ही भीड़ जमा हो गई और अमेरिकी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शहर के इकलौते गिरजाघर की ओर बढ़ गई। पुलिस के दखल देने से पहले ही भीड़ ने गिरजाघर के फर्नीचर को फूंक डाला। रातभर हालात तनावपूर्ण बने रहे और वहां पंजाब पुलिस के अतिरिक्त कर्मी बुलाए गए।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+