दिग्विजय ने की शांति बनाए रखने की अपील
लखनऊ, 13 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने अयोध्या मामले पर अदालत के आने वाले फैसले को लेकर देशवासियों से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से शांति व्यवस्था बहाल रखने में सहयोग करने को कहा।
लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में दिग्विजय ने कहा, "हमारी संस्कृति मिल-जुलकर रहने की रही है। मैं देशवासियों से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं।"
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता 24 सितंबर को फैसले के दिन अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बहाल रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
दिग्विजय ने कहा, "कांग्रेस हमेशा से हिंदू-मुस्लिम एकता के लिए लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी। अयोध्या मामले को लेकर कुछ फिरकापरस्त ताकतें सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ना चाहती हैं। दरअसल, उनका मकसद हिंसा भड़काकर अपना वोट बैंक मजबूत करना है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications