राष्ट्रमंडल खेल : भारी बारिश ने ब्लू-लेन का परीक्षण रोका (लीड-1)
संयुक्त आयुक्त (ट्रैफिक) ने बताया, "जोरदार बारिश के कारण पैदा हुई जलजमाव की समस्या के कारण पीक-आवर में किया जाने वाला ब्लू-लेन का परीक्षण रद्द करना पड़ा। मंगलवार को ट्रायल निर्धारित समय पर होगा। इसके लिए सुबह 8 बजे से 10 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।"
दिल्ली पुलिस की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के मुताबिक इस लेन पर सोमवार शाम चार से छह बजे तक होना था। मंगलवार को सुबह आठ बजे से 10 बजे तक परीक्षण का काम किया जाना है।
इसके अंतर्गत सोमवार को चंदगी राम अखाड़ा से मॉल रोड, एनएच-24 रिंग रोड क्रासिंग से गाजीपुर क्रासिंग, मां आनंदमयी मार्ग (कालकाजी) से डॉक्टर कर्णी सिंह स्टेडियम (सूरजकुंड) वाया महरौली-बदरपुर रोड, पंचशील मार्ग से सरदार पटेल मार्ग और मदर टेरेसा क्रेसेंट अप से राममनोहर लोहिया अस्पताल तक किया जाना था। मंगलवार को इन मार्गो पर ट्रायल निर्धारित समय पर होगा।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि पीक-आवर में इस लेन पर परीक्षण करना जरूरी है क्योंकि इससे लोगों को यातायात के साथ तालमेल बैठाने में दिक्कत नहीं आएगी।
20 सितंबर से ब्लू-लेन पर आम लोगों के लिए यातायात पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इस लेन पर खिलाड़ियों, अधिकारियों, और विशिष्ट लोगों के वाहन ही चल सकेंगे।
इस लेन में घुसने की हिमाकत करने वालों को 2000 रुपये का जुर्माना भरना पड़ेगा। साथ ही उनकी गाड़ियों को जब्त कर लिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications