प्रियंका के सपनों के घर के निर्माण में देरी
शिमला, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। शिमला के नजदीक स्थित छारबरा हिल्स में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका वाड्रा के सपनों के घर का निर्माण कार्य बेहद खराब मौसम के कारण बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भारी बारिश से स्लेट से बनी घर की छत टूट गई। अब इसकी जगह इस्पात का इस्मेमाल किया जा रहा है।
प्रियंका अपने घर का छत विशेष स्लेट टाइल से बनवाना चाहती थीं। इसके चलते बहुरंगी स्लेट खरीदी गई थी लेकिन अब प्रियंका को स्टील पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
घर के निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे नीरज सैनी ने आईएएनएस को बताया, "स्लेट से बनाई छत के डिजाइन में कुछ खामी थी। इसलिए उसे हटा दिया गया। अब कॉटेज की छत की पहली परत लकड़ी की और ऊपरी परत इस्पात से बनाया जाएगा।"
उन्होंने बताया कि स्लेट की छत से पानी टपकता था। सैनी ने कहा, "नालीदार इस्पात से बनी छत को बर्फ और पानी से कोई नुकसान नहीं होगा। इससे पानी टपकने के कारणों का पता चल सकेगा और दीवारों को नमी से भी बचाया जा सकेगा। लेकिन इसे पहाड़ी घरों के जैसे आकार नहीं दिया जा सकता है।"
सैनी दिल्ली की आर्किटेक्ट कंपनी 'कोहेलिका कोहली आर्किटेक्ट' से हाल ही में जुड़े हैं।
'कोहेलिका कोहली आर्किटेक्ट' ने ही कॉटेज का डिजाइन तैयार किया है और उसने इस साल अप्रैल से निर्माण काम करना शुरू किया है।
निर्माणाधीन घर के डिजाइन में भी कुछ दिक्कतें थीं। सैनी ने बताया, "घर के निर्माण में खम्भों को लेकर कुछ समस्याएं आ रहीं थीं। इसलिए हमें फिर से डिजाइन तैयार करना पड़ा। इसके कुछ कमरों का डिजाइन फिर से बनाए गए हैं।"
छारबरा हिल्स में बन रहे इस दो मंजिले घर की ऊंचाई 8,000 फुट से अधिक होगी। घर का परिसर साढ़े तीन बीघा जमीन में फैला हुआ है। इसके समीप में ही गर्मी में छुट्टियां बिताने वाला राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील का रिसॉर्ट और ओबरॉय समूह का लक्जरी स्पा 'वाइल्डफ्लॉवर हाल' भी स्थित है।
प्रियंका, उनके बच्चे और सोनिया गांधी निर्माण कार्य का निरीक्षण करने अक्सर आती रहती हैं। हालांकि प्रियंका को अपने नए घर में आने में एक साल की और देरी हो सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications