मोइली ने पूर्व सतर्कता आयुक्त की आलोचना की
नई दिल्ली, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री एम.वीरप्पा मोइली ने सोमवार पूर्व सतर्कता आयुक्त प्रत्यूश सिन्हा का नाम लिए बगैर उनके उस बयान के लिए उनकी आलोचना की, जिसमें उन्होंने हर तीसरे भारतीय को भ्रष्ट बताया था।
मोइली ने केंद्रीय सूचना आयोग के एक कार्यक्रम में यहां कहा, "आप यह कह कर राष्ट्रीय गौरव को ठेस नहीं पहुंचा सकते कि यहां कोई ईमानदार नहीं है। मैं किसी का नाम नहीं लेना चाहता, वह एक वरिष्ठ अधिकारी हैं, लेकिन जो भी व्यक्ति इस तरह की बातें करता है वह गलत है।"
सिन्हा देश के केंद्रीय सतर्कता आयुक्त के रूप में पिछले सप्ताह सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने कहा था कि उनकी इस नौकरी का बुरा हिस्सा यह जानना था कि भ्रष्टाचार कितना बढ़ गया है, क्योंकि लोग अधिक भौतिकतावादी हो गए हैं।
सिन्हा ने पिछले सप्ताह एक समाचार पत्र के साथ साक्षात्कार में कहा था, "यहां 30 प्रतिशत लोग तो पूरी तरह भ्रष्ट हैं। लेकिन बाकी लोग भी भ्रष्ट होने के करीब हैं।"
मोइली ने कहा, "आप ऐसे समय में इस तरह की बातें नहीं कर सकते, जब हम अगले 20 वर्षो में नंबर एक का स्थान हासिल करने के लिए निश्चितरूप से प्रतिस्पर्धा में हैं।" उन्होंने कहा कि उन्हें राष्ट्र से माफी मांगनी चाहिए।
ज्ञात हो कि नए मुख्य सतर्कता आयुक्त के रूप में पी.जे.थॉमस की नियुक्ति को लेकर विवाद पैदा हो गया है, क्योंकि इस बात के आरोप लगाए जा रहे हैं कि उन्होंने यह पद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के चलते हासिल किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications