उप्र कांग्रेस अध्यक्ष चुनने का अधिकार सोनिया को सौंपा
पार्टी के चुनाव अधिकारी एवं वरिष्ठ नेता पवन सिंह घटोवर ने संवाददाता सम्मेलन में बताया "850 से अधिक पीसीसी सदस्यों ने बैठक में एक लिखित प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया कि सोनिया गांधी ही नए प्रदेश अध्यक्ष को मनोनीत करें।"
लंबे समय से राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा ही प्रदेश अध्यक्ष को मनोनीत करने की चली आ रही परंपरा को क्या बदलने की जरूरत है, इस पर घटोवर ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का चयन करने के लिए पीसीसी सदस्यों ने ही कांग्रेस अध्यक्ष को अधिकृत किया है। ऐसे में हमें सदस्यों के फैसले का सम्मान करना चाहिए।
पीसीसी की इस बैठक से पहले ऐसी खबरें थी कि अगर वर्तमान अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया तो वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी भी मैदान में उतरकर नामांकन करेंगे, ताकि वह निर्विरोध न चुनी जा सकें, लेकिन ऐसी नौबत नहीं आई।
जब संवाददाताओं ने प्रमोद तिवारी से पूछा कि अगर कांग्रेस आलाकमान रीता को फिर से मनोनीत करता है तो क्या वह उनके साथ काम करेंगे, इस पर प्रमोद ने कहा, "मैं एक बात स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि अगर कांग्रेस अध्यक्ष ने मुझ्झे कमान सौंपी तो रीता मेरे साथ काम करेंगी और अगर रीता को फिर अध्यक्ष बनाया गया तो मैं उनके साथ काम करूंगा।"
बैठक में सोनिया और राहुल गांधी को छोड़कर उत्तर प्रदेश से संबंध रखने वाले कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता और सांसद मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications