नक्सलियों ने माकपा के 5 समर्थकों की हत्या की
जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज वर्मा ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "नयाग्राम पुलिस थाने के अंर्तगत आने वाले छोटोपटीना गांव में 15-20 की संख्या में नक्सलियों ने हमला कर दो परिवारों के पांच सदस्यों की हत्या कर दी।"
नक्सलियों ने डोमपारा इलाके के गांव में लोगों को डराने के लिए हवा में गोलियां चलाई और बम फेंके।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि नक्सली माकपा समर्थक अमृत अज्ञान के घर में घुस गए और कुछ परिजनों की पिटाई करने के बाद उन्हें अगवा कर ले गए।
इसके बाद नक्सलियों ने दूसरे घर पर हमला किया और परिवार के चार सदस्यों रोहीन अज्ञान, समरेश अज्ञान, स्वपन अज्ञान और प्रशांत अज्ञान को घर से बाहर घसीटकर ले गए।
नक्सलियों ने सभी लोगों को गांव से कुछ दूरी पर ले जाकर पिटाई की और बाद में उन्हें गोली मार दी। चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्वपन अज्ञान की एक स्थानीय अस्पताल में मौत हुई। घटना को अंजाम देने के बाद नक्सली वहां पर्चे छोड़कर चले गए।
पश्चिमी मिदनापुर, बांकुरा और पुरुलिया जिले के वन क्षेत्रों में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे संयुक्त सुरक्षा बल की एक बड़ी टीम को मौके पर भेजा गया है। इसके अलावा शवों को नयाग्राम थाना लाया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications