अफवाहों के बाद पंजाब के मलेरकोटला में कर्फ्यू (लीड-1)
चण्डीगढ़ से करीब 150 किलोमीटर दूर संगरूर जिले के मलेरकोटला में मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा है कि शाम को पांच बजे कर्फ्यू में दो से तीन घंटे की ढील दी जाएगी।
मुस्लिम और ईसाई समुदाय के धार्मिक नेताओं ने सोमवार को जिला प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात की और जनता से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अमेरिका में कुरान के अनादर की अफवाहों पर ध्यान देने की कोई जरूरत नहीं है।
हिंसा रविवार देर रात यह अफवाह फैलने पर भड़की कि अमेरिका के मिशिगन में कुरान की प्रति जलाई गई है। आनन-फानन में ही भीड़ जमा हो गई और अमेरिकी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शहर के इकलौते गिरजाघर की ओर बढ़ गई। पुलिस के दखल देने से पहले ही भीड़ ने गिरजाघर के फर्नीचर को फूंक डाला।
रातभर हालात तनावपूर्ण बने रहे और वहां पंजाब पुलिस के अतिरिक्त कर्मी बुलाए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अमेरिका में हाल ही में फ्लोरिडा के एक पादरी द्वारा दी गई कुरान की प्रतियां जलाने की धमकी के बाद इस पवित्र ग्रंथ के अनादर की अफवाह फैली।
मलेरकोटला में करीब 110,000 की आबादी है जिसमें 55 प्रतिशत से ज्यादा मुस्लिम हैं।
लुधियाना में भी तनाव बना रहा। जिला प्रशासन का कहना है कि स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने के प्रयास जारी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications