ओंकारेश्वर में नाव पलटी, 2 की मौत, 8 लापता
खंडवा 13 सितम्बर,(आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में ओंकार पर्वत की परिक्रमा करते वक्त एक नाव के नर्मदा नदी में पलट जाने से दो लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में आठ लोग लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक महाराष्ट्र के जलगांव जिले के बिटुआ गांव के कुछ लोग ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना करने आए थे। उन्होंने नाव से ओंकार पर्वत की परिक्रमा शुरू की लेकिन संगम घाट के करीब पहुचते ही नाव पलट गई।
नदी के तट पर मौजूद लोगों की मदद से तीन लोगों को बचा लिया गया जबकि अन्य लापता लोगों की खोज के लिए गोताखोरों को लगाया गया है।
खंडवा के पुलिस अधीक्षक हरिनारायणचारी मिश्र ने आईएएनएस को बताया कि दो शव बरामद कर लिए गए हैं जबकि आठ लोग लापता हैं। नर्मदा नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है जिससे अचानक लहर आ जाने के कारण नाव पलट गई। गोताखोर लापता लोगों को तलाशने में जुटे हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications