कश्मीर में प्रदर्शनकारी की मौत
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "बांदीपोरा के आजस गांव में बेकाबू भीड़ पर सुरक्षा बलों की गोलीबारी में निसार अहमद भट नाम के एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।"
उन्होंने बताया, "क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और सुरक्षा बल उन्हें काबू में करने की कोशिश कर रहे हैं।"
रपटों में कहा गया है कि सुरक्षा बलों की गोलीबारी के दौरान भट और रियाज अहमद नाम का एक अन्य प्रदर्शनकारी घायल हो गए। भट ने अस्पताल ले जाए जाते समय दम तोड़ दिया।
भट की मौत के साथ घाटी में गत 11 जून से जारी हिंसा के ताजा दौर में मरने वालों की संख्या 71 हो गई है।
इस बीच श्रीनगर के हमहमा, ओमपोरा, शालतेंग, शालीमार, न्यूथेड और अन्य स्थानों तथा पुलवामा जिले में इस्लाम-समर्थक एवं अमेरिका-विरोधी प्रदर्शन हुए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने बडगाम से श्रीनगर की ओर विशाल जुलूस भी निकाला।
एक ईरानी टीवी चैनल की इस खबर के बाद यहां विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए कि अमेरिका में कुछ लोगों ने कथित तौर पर कुरान का अनादर किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications