कर्नाटक में 2 विधानसभा सीटों के लिए अब तक 15 फीसदी मतदान
राज्य निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता ने बताया, "मतदान प्रक्रिया की शुरुआत काफी धीमी हुई। गुलबर्गा दक्षिण विधानसभा में मतदाताओं की संख्या 210,000 जबकि काडूर विधानसभा में 177,000 है। दोनों सीटों पर 11 बजे तक 15 प्रतिशत मतदान हुआ।"
राज्य की दोनों सीटों पर सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी दल कांग्रेस तथा जनता दल (सेक्यूलर) के उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है।
काडूर से कांग्रेस विधायक के. एम. कृष्णमूर्ति और गुलबर्गा दक्षिण से भाजपा विधायक चंद्रशेखर पाटिल रेवूर के निधन के बाद यह सीटें खाली हुई थीं।
पूर्व मुख्यमंत्री एन.धरम सिंह के पुत्र अजय सिंह कांग्रेस की तरफ से गुलबर्गा दक्षिण सीट पर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं जबकि भाजपा की तरफ से राज्य के वरिष्ठ नेता और विधान परिषद सदस्य सशील नामोशी चुनाव लड़ रहे हैं। जेडी-एस की तरफ से रेवूर की पत्नी अरूणा पाटिल चुनाव मैदान में हैं।
उधर, कादूर विधानसभा सीट से के. एम. कृष्णमूर्ति कांग्रेस के उम्मीदवार हैं जबकि जेडी-एस की तरफ से पार्टी के प्रवक्ता वाई.एस.वी. दत्ता चुनाव लड़ रहे हैं। वाई .सी. विश्वनाथ भाजपा के उम्मीदवार हैं।
मतगणना 16 सितम्बर को होगी। दोनों विधानसभा सीटों पर आने वाले नतीजों का असर हालांकि भाजपा सरकार की स्थिरता पर नहीं पड़ेगा।
गौरतलब है कि गुलबर्गा दक्षिण विधानसभा सीट पर कुल 11 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं लेकिन मुख्य मुकाबला तीनों प्रमुख पार्टियों के बीच है। कादूर में केवल तीन उम्मीदवार ही चुनाव मैदान में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications