तेलंगाना : छात्रों के खिलाफ मामले वापस लेने की मांग
हैदराबाद, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश में तेलंगाना क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार से तेलंगाना आंदोलन में भाग ले रहे छात्रों एवं युवाओं के खिलाफ दर्ज मामले दो अक्टूबर तक वापस लेने की मांग की है।
सत्तारूढ़ पार्टी के सांसदों, विधायकों एवं अन्य नेताओं ने अगली रणनीति तय करने के लिए रविवार को बैठक की। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता के. केशव राव ने की।
कुछ प्रतिभागियों ने सुझाव दिया कि यदि मामले वापस नहीं लिए जाते हैं तो आंध्र प्रदेश स्थापना दिवस (1 नवंबर) के कार्यक्रमों का बहिष्कार किया जाए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष दिसंबर में केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम द्वारा की गई घोषणा पर अमल नहीं किया गया।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष अलग तेलंगाना राज्य के लिए किए गए हिंसक प्रदर्शनों में शामिल छात्रों एवं युवाओं के खिलाफ पुलिस ने मामले दर्ज किए थे।
यदि दो अक्टूबर तक मामले वापस नहीं लिए गए तो ये नेता फिर बैठक करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications