उप्र में घाघरा पर तटबंध धंसा, ग्रामीणों में दहशत
गोंडा के सुजौली मुहम्मदपुर गांव के पास घाघरा नदी पर बना करीब 22 किलोमीटर लंबा भिखारीपुर-सिकरौर तटबंध बीस मीटर से ज्यादा धंस गया है। घाघरा का जलस्तर खतरे के निशान से 54 सेंटीमीटर ऊपर बह रहा है।
गोंडा के अपर जिलाधिकारी विवेक पांडे ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि बांध को बचाने के लिए पत्थर के बोल्डरों के साथ मिट्टी भी डाली जा रही है। हालात नियंत्रण में हैं।
उन्होंने कहा कि तटबंध के आसपास के इलाकों के ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया है। जिले में लगभग 100 गांव घाघरा के पानी से जलमग्न हो गए हैं और करीब डेढ़ लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।
उधर, बहराइच और बाराबंकी जिलों में भी घाघरा की तबाही जारी है। यहां पर 200 से अधिक गांव जलमग्न हैं। प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षति स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और प्रशासन की तरफ से राहत सामग्री मुहैया कराई जा रही है।
बाढ़ से ज्यादा तबाही बाराबंकी, गोंडा, बहराइच और लखीमपुर खीरी जिलों में हुई है। अधिकारियों का कहना है कि इन जिलों में बाढ़ से अब तक कुल 20 मौतें हुई हैं।
राजधानी लखनऊ सहित अधिकांश इलाकों में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान तराई और मध्य क्षेत्र वाले इलाकों में सामान्य बारिश की संभावना जताई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications