सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टरों की हड़ताल जारी

मंगलवार सुबह एक मरीज की मौत के बाद उसके नाराज रिश्तेदारों ने कुछ महिला चिकित्सकों और नर्सों से दुर्व्यवहार के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों ने हड़ताल शुरू कर दी। मरीज को डेंगू होने का संदेह था।
चिकित्सक ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार अधिकारी एस्मा लागू करने पर विचार कर रहे हैं। इसके लागू होने पर हड़ताली चिकित्सकों को काम पर ना लौटने पर छह माह की कैद हो सकती है।
सफदरजंग रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रभान ने कहा, "प्रशासन जब तक चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए कदम नहीं उठाता, हम हड़ताल जारी रखेंगे। अस्पताल परिसर में एक महिला चिकित्सक से दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे में हम काम नहीं कर सकते। चिकित्सकों की सुरक्षा का उपयुक्त माहौल नहीं बनने तक हमारी हड़ताल जारी रहेगी।"
दूसरी ओर अस्पताल के प्रवक्ता ने कहा कि रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल यदि जारी रहेगी तो ओपीडी सेवाएं जारी रखना कठिन होगा, जहां डेंगू और अन्य मौसमी बीमारियों के काफी अधिक मरीज हैं। इसलिए ओपीडी सेवा बंद हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications