झारखण्ड में विधायकों को एकजुट रखने की मुहिम तेज
दोनों मुख्य पार्टियों ने विधायकों को चाय और भोजन पर आमंत्रित करना शुरू कर दिया है।
बुधवार की सुबह झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन ने सभी विधायकों को चाय पर बुलाया। इस मौके पर अर्जुन मुंडा के नेतृत्व में बनने वाली सरकार को समर्थन देने की घोषणा कर चुके 45 विधायकों में से 43 उपस्थित हुए। अर्जुन मुंडा भी वहां मौजूद थे।
वहीं जमशेदपुर के सांसद अर्जुन मुंडा ने अपने आवास पर विधायकों को भोजन पर आमंत्रित किया। इस मौके पर 43 विधायकों ने मटन, चिकेन, तली हुई मछली, मिठाइयों एवं अन्य स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद लिया।
झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन के पुत्र हेमंत सोरेन ने कहा, "चाय और भोजन के जरिए यह संदेश दे रहे हैं कि हम अखंड हैं। हम राज्य की जनता के हित में सरकार गठित करने जा रहे हैं।" हेमंत के उपमुख्यमंत्री बनने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा ने मंगलवार को झामुमो के समर्थन से सरकार बनाने का दावा पेश किया था और कहा था कि मुंडा नए मुख्यमंत्री होंगे।
सूत्रों के मुताबिक संभावना है कि राज्यपाल फारूक नई दिल्ली से हरी झंडी मिलने के बाद मुंडा को सरकार गठित करने के लिए आमंत्रित करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications