जहरीली शराब से हुईं मौतों के मामले में 2 गिरफ्तार (लीड-1)
इलाहाबाद, 8 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद जिले में मंगलवार को जहरीली शराब से हुई सात लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने बुधवार को एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
ये मौतें जिले के मऊआइमा कस्बे के आस-पास के गांवों में हुईं। इलाहाबाद के पुलिस अधीक्षक विनोद मिश्रा ने आईएएनएस को बताया कि गुलाब सिंह और तारा देवी नामक दो आरोपियों को दोपहर बाद गिरफ्तार किया गया। मुख्य आरोपी नाटे और हिरओम फिलहाल फरार हैं।
पुलिस के मुताबिक मऊआइमा कस्बे में नाटे नामक व्यक्ति अन्य लोगों के साथ मिलकर शराब की अवैध बिक्री करता था। मौत के शिकार हुए लोगों ने उससे मंगलवार को शराब खरीदी थी। पुलिस ने नाटे के घर पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में कच्ची शराब तथा झझरखण्ड में निर्मित देसी शराब के सैड़कों पाउच बरामद किए हैं।
घटना की मजिस्ट्रेटी जांच उप-जिलाधिकारी (इलाहाबाद) एवं संयुक्त आबकारी आयुक्त द्वारा की जा रही है। मृतकों के परिजनों को जिला प्रशासन की तरफ से बीस-बीस हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है।
मिश्रा ने बताया कि देर रात जांच के बाद स्पष्ट हुआ कि छह लोगों की मौत जहरीली शराब पीने से हुई। एक अन्य की मौत की पुष्टि बुधवार को हुई।
इससे पहले प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने के बाद मऊआइमा चौकी प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों एवं आबकारी निरीक्षक सहित तीन आबकारी कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications