सुरक्षा आश्वासन के बाद जुनियर डॉक्टरों की हड़ताल खत्म (लीड-2)
जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रभान ने कहा कि वार्ड में एक मरीज के साथ एक व्यक्ति के रहने की नीति और मांग के अनुसार सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ाने को लेकर अस्पताल प्रशासन के साथ एक बैठक हुई। इसमें संयुक्त स्वास्थ्य सचिव शकुंतला डी. गमलीन भी शामिल थीं।
चंद्रभान ने आईएएनएस से कहा, "हमारी मांगे मान ली गई हैं। इसलिए हम हड़ताल खत्म कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "बैठक के दौरान संयुक्त स्वास्थ्य सचिव भी मौजूद थीं। लिहाजा हमें विश्वास था कि मांगे मान ली जाएंगी।"
गौरतलब है कि सफदरजंग अस्पताल में मंगलवार सुबह एक मरीज की मौत के बाद उसके नाराज रिश्तेदारों ने कुछ महिला चिकित्सकों और नर्सो से कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया था, जिसके बाद रेजिडेंट डॉक्टरों ने हड़ताल कर दी। मरीज को डेंगू होने का संदेह था।
अस्पताल में सुरक्षा इंतजाम को लेकर एक महीने के भीतर दूसरी बार हड़ताल हुई है।
चंद्रभान ने कहा, "अब वार्ड में एक मरीज के साथ एक व्यक्ति के जाने की अनुमति होगी। इस नियम को अगले 48 घंटे में लागू कर दिया जाएगा।"
उन्होंने बताया, "अब सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ाकर 300 से 500 कर दी जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications