चालकों, भ्रष्ट पुलिसकर्मियों को नियंत्रित करेगा कार्य बल
नई दिल्ली, 8 सितम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों और भ्रष्ट पुलिसकर्मियों को नियंत्रित करने के लिए एक विशेष कार्य बल (एसटीएफ) गठित किया गया है। फेसबुक और दिल्ली पुलिस की हेल्पलाइन पर लोगों के कई शिकायतें दर्ज कराने के बाद एसटीएफ के गठन का निर्णय लिया गया था।
यातायात पुलिस का कहना है कि उन्हें हेल्पलाइन क्रमांक 23010101 पर खराब ढंग से वाहन चलाने और भ्रष्ट पुलिकर्मियों से संबंधित 250-300 शिकायतें मिली हैं जबकि इसी संबंध में हर रोज फेसबुक पर करीब 200 संदेश लिखे जाते हैं।
एसटीएफ में दिल्ली के दस जिलों से चुने गए यातायात के 22 पुलिस कर्मचारी हैं। कर्मचारियों के दल के नेतृत्व के लिए दो निरीक्षकों को तैनात किया गया है। इस दल के काम यातायात पुलिस के वर्तमान दलों से अलग होंगे। एसटीएफ का उद्देश्य मानसून के मौसम में भारी बारिश का सामना कर रही राजधानी में यातायात प्रबंधन तंत्र को मजबूत करना और साथ ही साथ अक्टूबर के राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों के लिए काम करना है।
दिल्ली यातायात पुलिस के विशेष आयुक्त अजय चड्ढ़ा कहते हैं कि राजधानी में किसी भी स्थान पर औचक निरीक्षण और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को रोकने के लिए एसटीएफ का गठन किया गया है।
चड्ढ़ा ने आईएएनएस से कहा, "वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ यातायात नियमों के उल्लंघन की घटनाएं भी बढ़ी हैं। ऐसी कई सड़कें हैं जहां वाहनों का धीरे-धीरे खिसकना एक नियमित घटना है। औचक निरीक्षण से यातायात की गति नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।"
दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन के साधनों सहित 40 लाख से ज्यादा वाहन हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एसटीएफ का गठन करीब एक महीने पहले हुआ था और तभी से वह शहर के विभिन्न इलाकों में औचक निरीक्षण कर रहा है। निरीक्षण से पहले तक उसके लिए चुने जाने वाले इलाके का नाम गुप्त ही रखा जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications