टाटा स्टील नहीं बेचेगी अफ्रीकी इकाई
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा आयोजित एक सम्मेलन के दौरान कंपनी के कार्यकारी निदेशक एच. एम. नेरुरकर ने कहा, "हम अपना संयंत्र नहीं बेच रहे हैं। खरीददार हमेशा हमारी संपत्तियों को खरीदने की रुचि जताते हैं लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि हम इसे बेच रहे हैं।"
इससे पहले मीडिया में कुछ खबरें प्रकाशित हुई थीं कि कंपनी दक्षिण अफ्रीका में अपनी इकाई को बेचने की योजना बना रही है।
वर्ष 2006 में दक्षिण अफ्रीका में स्थापित की गई टाटा स्टील केजेडएन इकाई ने पिछले साल मुनाफा दर्ज किया था।
उन्होंने कहा, "अब इकाई ने मुनाफा कमाना शुरू कर दिया है। हम इसे बरकरार रखेंगे और अयस्क की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए खदानें खरीदेंगे। "
टाटा स्टील की उड़ीसा में कलिंगनगर परियोजना के संबंध में उन्होंने कहा कि संयंत्र का निर्माण कार्य अक्टूबर में शुरू हो जाएगा और वर्ष 2014-15 से उत्पादन कार्य शुरू होगा।
इस्पात के दामों के विषय में नेरुरकर ने कहा कि जब तक लौह अयस्क की कीमतें 130-140 डॉलर प्रति टन और कोयले की कीमत 220 डॉलर प्रति टन बनी हुई हैं तब तक इस्पात की कीमत मौजूदा स्तर पर ही रहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications