अनुपम पर केंद्रित प्रदर्शनी में पहुंचे कई सितारे
प्रदर्शनी में खेर, उनकी पत्नी किरण खेर, छोटे भाई राजू खेर और बेटे सिकंदर खेर तो मौजूद थे ही फिल्मोद्योग की कई नामी हस्तियां भी गीता दास की बनाई पेंटिंग्स देखने पहुंची। खेर की कंपनी के शुभारंभ अवसर पर एक कार्यक्रम के रूप में इस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था। प्रदर्शनी में खेर की 17 पेंटिंग्स प्रदर्शित की गईं।
'सारांश' और 'मैंने गांधी को नहीं मारा' जैसी गंभीर फिल्मों में अभिनय कर चुके 55 वर्षीय खेर कहते हैं, "मेरे लिए यह बहुत बड़ा दिन है। गीता दास ने मुझे पेटिंग्स में एक हीरो की तरह पेश नहीं किया है। उन्होंने प्रदर्शनी में मेरी असफलताओं को उभारा है और मुझे यही बात बहुत पसंद आई।"
खेर के साथ महानायक अमिताभ बच्चन ने कंपनी की पत्रिका का विमोचन किया।
अमिताभ ने आईएएनएस से कहा, "मुझे ये पेंटिंग्स देखकर बहुत खुशी हुई। मुझे बहुत खुशी है कि खेर ने इस पत्रिका में उनके सभी उपक्रमों को शामिल किया है, हमें उनसे बहुत कुछ सीखना चाहिए।"
उन्होंने कहा, "उन्होंने हमेशा सच्चाई और ईमानदारी से जीवन जीया है और मुझे उनमें यह बात पसंद है। उन्होंने कभी भी कुछ नहीं छुपाया।"
इस अवसर पर अनिल कपूर, श्रीदेवी, बोनी कपूर, जूही चावला, विपुल शाह, शैफाली शाह, तब्बू, सोनाली बेंद्रे, साजिद खान, राकेश ओमप्रकाश मेहरा, प्रीतिश नंदी और सतीश कौशिक जैसी हस्तियां मौजूद थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications