अलगाववादी नेता गिलानी गिरफ्तार
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गिलानी की गिरफ्तारी हैदरपोरा स्थित उनके घर से हुई। उन्होंने बताया कि यह गिरफ्तारी ऐहतियात के तौर पर की गई है। उन्हें बडगाम जिले के हमाहम थाने ले जाया गया है।
बुधवार को कश्मीर घाटी में बंद का आान करने वाले गिलानी ने मंगलवार को बयान जारी कर कहा था, "नई दिल्ली को अपने फैसले के लिए हमेशा पछताना पड़ेगा।" उन्होंने कहा कि यदि बातचीत शुरू करने के लिए उनकी पांच शर्तें नहीं मानी गईं तो ऐसे विरोध का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा जिसकी सरकार ने कल्पना तक नहीं की होगी।
गिलानी की पांच शर्तो में-कश्मीर को अंतर्राष्ट्रीय समस्या स्वीकार करना, किसी विश्वसनीय एजेंसी की निगरानी में विसैन्यीकरण, राजनीतिक बंदियों और युवकों की रिहाई, सशस्त्र बल विशेषाधिकार अधिकार (एएफएसपीए) और सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) को हटाना तथा 69 मासूम कश्मीरियों को मारने वाले 'युद्ध अपराधियों' पर मुकदमा चलाना शामिल है।
गिलानी की गिरफ्तारी ईद से दो दिन पूर्व की गई है। गिलानी ने कहा था कि वह ईद की नमाज श्रीनगर के हजरतबल में अदा करेंगे। उन्होंने प्रशासन को चुनौती देते हुए यह भी कहा था कि "धरती की कोई भी ताकत उन्हें हजरतबल में ईद की नमाज अदा करने से नहीं रोक सकती।"
घाटी में जारी ताजा अशांति के दौर में गत 11 जून से 69 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications