धरती के करीब से गुजरेंगे 2 क्षुद्रग्रह : नासा
वाशिंगटन, 8 सितम्बर (आईएएनएस)। दो क्षुद्र तारे (ऐस्टरॉइड) बुधवार को चंद घंटों के अंतराल पर धरती के करीब से गुजरेंगे। यह जानकारी अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने दी है।
कई मीटर व्यास वाले इन दोनों क्षुद्र तारों को रविवार को एरिजोना में एक टेलीस्कोप के जरिए देखा गया। नासा के अनुसार ये दोनों चांद से भी कम फासले से धरती के करीब से गुजरेंगे।
यूं तो क्षुद्र तारों का धरती के करीब से गुजरना सामान्य बात है लेकिन दो तारों द्वारा बहुत कम समय के अंतराल पर ऐसा किया जाना दुर्लभ है।
इनमें से 2010 आरएक्स 30 नाम का पहला क्षुद्र तारा 10 से 20 मीटर का है और धरती से 248,000 किलोमीटर की दूरी से गुजरेगा। दूसरे का नाम 2010आरएफ 12 है और यह छह से 14 मीटर का है। यह तारा धरती के 79000 किलोमीटर करीब से गुजरेगा।
नासा का कहना है कि इन्हें साधारण टेलीस्कोप से भी देखा जा सकेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications