केरल में जहरीली शराब ने 9 लोगों की जान ली
मलाप्पुरम (केरल)। केरल के मलापुरम जिले में देशी शराब 'टोड्डी' पीने से नौ लोगों की मौत हो गई। इनमें पांच तमिलनाडु के हैं। राज्य के अधिकारियों ने बताया कि कुट्टीपुरम इलाके में टोड्डी की तीन दुकानें हैं। जिला प्रशासन ने पूरे जिले के टोड्डी दुकानों को अगले आदेश तक के लिए बंद करा दिया है।
स्थानीय विधायक ने बताया, "हमें अब यह जानकारी मिली है कि इन लोगों की मौत शराब पीने के कारण हुई है जबकि यह घटना दो दिन पहले की है। दो दिन पहले एक व्यक्ति की मौत हुई थी, जिसके बारे में कहा जा रहा था कि उसकी मौत हृदय गति रुकने से हुई। अब मामला साफ हो गया है। कुछ लोगों की मौत पिछले रविवार रात को हुई थी।" जलील ने बताया, "एक और व्यक्ति की हालत गंभीर है। जबकि एक अंधा हो गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि टोड्डी पीने से मौतें हुई हैं।"
गृहमंत्री कोडियरी बालाकृष्णनन ने कहा है कि इस मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि हमने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने के लिए कहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इस मामले की न्यायिक जांच की मांग की है। केरल में देशी शराब टोड्डी नारियल के पेड़ या ताड़ के पेड़ के फूल से बनाया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications