'शांति के लिए भारत के साथ काम करना चाहता है चीन'
चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता जियांग यू ने अपने दैनिक बयान में कहा, "मैं कहना चाहूंगी कि चीन एशिया का एक महत्वपूर्ण सदस्य है और हम दक्षिण एशिया सहित एशिया की शांति और स्थायित्व की सुरक्षा के प्रति बचनबद्ध है।"
जियांग ने कहा, "चीन और भारत एक पड़ोसी और नई उभरती हुई ताकतों के रूप में अच्छे पड़ोसी और अच्छी मित्रता के साथ सामूहिक विकास कर रहे हैं, और इसी सामूहिक विकास से दोनों देशों का हित सधता है।"
जियांग ने कहा, "हम एक शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध दक्षिण एशिया देखना चाहते हैं और हम भारत सहित दक्षिण एशियाई देशों के साथ शांतिपूर्ण सहअस्तित्व के पांच सिद्धांतों के आधार पर काम करना चाहते हैं।"
सूत्रों ने कहा है कि नई दिल्ली ने जियांग की टिप्पणियों पर गौर किया है और वह इसका स्वागत करता है। लेकिन इसके साथ ही नई दिल्ली ने स्पष्ट किया है कि वह क्षेत्र में चीनी गतिविधियों पर बराबर नजर रखेगा।
जियांग की टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब इसके एक दिन पहले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने नई दिल्ली में वरिष्ठ पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि चीन दक्षिण एशिया में अपना प्रभाव बढ़ाना चाहता है।
सिंह ने कहा था, "चीन दक्षिण एशिया में अपना पैर जमाना चाहेगा और हमें इसके प्रति सचेत रहना है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications