गिलार्ड फिर होंगी आस्ट्रेलिया की प्रधानमंत्री (लीड-2)
निर्दलीय सांसदों रॉब ओकेशॉट और टोनी विंडसर ने गिलार्ड का समर्थन करने का ऐलान किया है। इन दोनों के समर्थन के बाद आस्ट्रेलिया की पहली महिला प्रधानमंत्री गिलार्ड सरकार बनाने के लिए 150 सदस्यीय संसद में 76 सीटों के जादुई आंकड़े को छू लेंगी। विपक्षी गठबंधन के नेता टोनी एबॉट के पास 73 सांसदों का समर्थन है।
समाचार पत्र 'सिडनी मॉर्निग हेराल्ड' के अनुसार निर्दलीय सांसद ओकेशॉट ने गिलार्ड को समर्थन देने के सवाल पर कहा, "यह जनादेश किसी एक के पक्ष में नहीं है। इस संसद का स्वरूप अलग होगा।"
अपने फैसले की घोषणा से पहले तीनों निर्दलीय सांसदों ने मंगलवार सुबह गिलार्ड और एबट दोनों से मुलाकात की।
गिलार्ड ने लेबर पार्टी की सरकार का समर्थन करने के लिए बॉब कैटर सहित सभी निर्दलीयों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि नया मंत्रिमंडल संभवत: अगले हफ्ते शपथ लेगा।
पूर्व प्रधानमंत्री केविन रड को एक मंत्रालय का प्रस्ताव सौंपा जाएगा लेकिन उन्होंने उसके नाम का खुलासा करने से इंकार कर दिया। गिलार्ड ने कहा, "मैंने रड से वादा किया था कि मेरे मंत्रिमंडल के वह एक वरिष्ठ सदस्य, एक कैबिनेट मंत्री होंगे।"
दरअसल, गिलार्ड और एबॉट इन दोनों निर्दलीय सांसदों को पिछले 17 दिनों से अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रहे थे। आखिर में बाजी गिलार्ड के हाथ लगी।
निर्दलीय सांसद विंडसर ने कहा कि दोनों दलों ने उनसे बातचीत के दौरान क्षेत्रीय समुदायों के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा एवं बुनियादी ढांचे से जुड़े कई आकर्षक प्रस्ताव दिए थे। उन्होंने कहा कि देश में स्थिरता के मद्देनजर गिलार्ड को समर्थन देने का फैसला किया है।
बीते 70 साल में यह पहला मौका था जब आस्ट्रेलिया में खंडित जनादेश आया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications