हरियाणा में गाय आयोग के गठन को मंजूरी
चण्डीगढ़, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के लिए तो गाएं एक महत्वपूर्ण राजनीतिक व धार्मिक मुद्दा हो सकती हैं लेकिन मंगलवार को हरियाणा की सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी ने उनसे एक कदम आगे बढ़ते हुए राज्य में गाय आयोग के गठन को मंजूरी दे दी।
हरियाणा विधानसभा में मंगलवार को 'हरियाणा गो सेवा आयोग विधेयक, 2010' पारित हो गया। पशुपालन मंत्री परमवीर सिंह ने यह विधेयक पेश किया था।
राज्य सरकार के एक प्रवक्ता का कहना है कि राज्य में गाय के जैविक उत्पादों के प्रबंधन के अलावा आधुनिक और वैज्ञानिक तरीके से गाय जाति के संरक्षण, कल्याण और विकास के लिए एक गाय आयोग का गठन किया जाएगा।
इससे कृषि में जैविक खाद के इस्तेमाल को भी बढ़ावा मिलेगा।
आयोग में इसके अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सहित 12 गैर-आधिकारिक सदस्य होंगे। अध्यक्ष का चयन सरकार करेगी और अन्य गैर-आधिकारिक सदस्यों को गायों के कल्याण के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के बीच से चुना जाएगा।
आयोग गायों की हत्या और उनके खिलाफ क्रूरता संबंधी कानूनों के उचित कार्यान्वयन की दिशा में काम करेगा और इन कानूनों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी देगा।
प्रवक्ता ने बताया कि आयोग कृषि क्षेत्र में गाय के गोबर और मूत्र के वैज्ञानिक उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रहे संस्थानों के कामों की निगरानी करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications