हड़ताल से उप्र में बैंक सेवा प्रभावित
सार्वजनिक क्षेत्र के विभिन्न बैंकों में सुबह से ताले लटके रहे। कर्मचारियों ने कार्यालयों के बाहर एकत्र होकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। एटीएम के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
बहरहाल सार्वजनिक क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के कर्मचारी इस हड़ताल में शामिल नहीं हुए।
भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के सभी कार्यालय बंद हैं। एलआईसी एजेंट ऑर्गनाइजेशन ऑफ इंडिया के महासचिव (लखनऊ मंडल) प्रणव शर्मन ने संवाददाताओं से कहा कि लखनऊ मंडल के करीब 11,000 अभिकर्ताओं ने लखनऊ के हजरतगंज स्थित मंडलीय कार्यालय के बाहर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
उधर प्रदेश के विभिन्न विभागों के राज्य कर्मचारियों ने ट्रेड यूनियनों की हड़ताल को पूरा समर्थन देते हुए आज कार्य बहिष्कार किया।
उप्र राज्य कर्मचारी महासंघ के महासचिव सतीश पांडे ने संवाददाताओं से कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी व अन्य मुद्दों पर हजारों की संख्या में राज्य कर्मचारी कार्य बहिष्कार करते हुए ट्रेड यूनियनों को अपना समर्थन दे रहे हैं।
महासंघ के एक अन्य पदाधिकारी अजय सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार इस हड़ताल से कुछ न कुछ सबक जरूर लेगी। केंद्र सरकार अगर नहीं चेती तो ट्रेड यूनियनें फिर हड़ताल करेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications