झारखण्ड में भाजपा ने सरकार बनाने का दावा पेश किया (लीड-2)
राज्यपाल एम.ओ.एच. फारूक से मुलाकात के दौरान भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रघुबर दास, झामुमो विधायक दल के नेता हेमंत सोरेन और आजसू के नेता सुदेश महतो भी मुंडा के साथ थे।
महतो ने संवाददाताओं से कहा, "हमने अर्जुन मुंडा के नेतृत्व में सरकार के गठन के समर्थन की चिट्ठी राज्यपाल को सौंप दी है। इसमें भाजपा, झामुमो, आजसू , जनता दल (युनाइटेड) और दो निर्दलीय विधायकों का समर्थन है। राज्यपाल ने इस पर जल्द विचार करने का आश्वासन दिया है।"
सूत्रों के अनुसार राज्यपाल फारूक भाजपा-झामुमो के दावे पर कानूनी विशेषज्ञों की सलाह ले रहे हैं। 81 सदस्यों की विधानसभा में भाजपा के 18, झामुमो के 18, आजसू के पांच और जद (यु) के दो सदस्य हैं। दो निर्दलीय विधायकों चामरा लिंडा और विदेश सिंह ने मुंडा को समर्थन दिया है।
इससे पहले, पूर्व मुख्यमंत्री मुंडा को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद मुंडा और दास ने झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन से मुलाकात की। सोरेन ने कहा, "मैंने सरकार बनाने के लिए मुंडा को अपना आशीर्वाद दिया है।"
गौरतलब है कि बीते 30 मई को शिबू सोरेन के इस्तीफा देने के बाद से राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications