फिर से सत्ता संभालेंगी गिलार्ड (लीड-1)
निर्दलीय सांसदों रॉब ओकेशॉट और टोनी विंडसर ने गिलार्ड का समर्थन करने का ऐलान किया है। इन दोनों के समर्थन के बाद आस्ट्रेलिया की पहली महिला प्रधानमंत्री गिलार्ड 76 सीटों के जादुई आंकड़े को छू लेंगी। विपक्षी गठबंधन के नेता टोनी एबॉट के पास 73 सांसदों का समर्थन है। सरकार बनाने के लिए 76 सांसदों की जरूरत है।
स्थानीय समाचार पत्र 'सिडनी मॉर्निग हेराल्ड' के अनुसार निर्दलीय सांसद ओकेशॉट ने गिलार्ड को समर्थन देने के सवाल पर कहा, "यह जनादेश किसी एक के पक्ष में नहीं है। इस संसद का स्वरूप अलग होगा।"
दरअसल, गिलार्ड और एबॉट इन दोनों को भी बीते 17 दिनों से अपने पक्ष में करने के लिए कोशिश कर रहे थे। आखिर में बाजी गिलार्ड के हाथ लगी। माना जा रहा है कि मंगलवार देर शाम गिलार्ड एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगी।
निर्दलीय सांसद विंडसर ने कहा कि दोनों दलों ने उनसे बातचीत के दौरान क्षेत्रीय समुदायों के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा एंव बुनियादी ढांचे से जुड़े कई आकर्षक प्रस्ताव दिए थे। उन्होंने कहा कि देश में स्थिरता के मद्देनजर गिलार्ड को समर्थन देने का फैसला किया है।
हाल ही में संपन्न 150 सीटों वाली हाऊस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स के चुनाव में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। बीते 70 साल में यह पहला मौका था जब आस्ट्रेलिया में खंडित जनादेश आया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications