ओबामा ने 50 अरब डॉलर की निर्माण योजना की घोषणा की

वाशिंगटन, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने रोजगार में वृद्धि और सड़क, रेल तथा हवाई यातायात के आधुनिकीकरण के माध्यम से अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए 50 अरब डॉलर की निर्माण योजना की घोषणा के साथ डेमोक्रेटिक पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत की है।

विस्कोंसिन के मिलवाके में मजदूर दिवस पर सोमवार को एक भाषण में उन्होंने कहा, "अमेरिका के सड़क, रेल और हवाई यातायात के दीर्घकालिक आधुनिकीकरण के लिए आज मैं पुनर्निर्माण की एक नई योजना की घोषणा कर रहा हूं।"

अमेरिका में दो महीने बाद मध्यावधि चुनाव होने वाले हैं और कांग्रेस में डेमोक्रेटिक पार्टी का बहुमत दांव पर लगा है।

मजदूरों की सभा में ओबामा ने कहा, "हम दुनिया की सर्वाधिक उन्नत आधारभूत सुविधाओं का उपयोग करते रहे हैं और हम ऐसा फिर कर सकते हैं।"

प्रस्तावित योजना में अगले छह वर्षो के भीतर 150,000 मील लंबी सड़कों, 4,000 मील लंबी पटरियों और कुल 150 मील लंबे रनवे का निर्माण शामिल है। इसमें अमेरिका के हवाई यातायात नियंत्रक व्यवस्था में सुधार भी शामिल है जिससे यात्रा में विलंब को रोका जा सके।

ओबामा ने कहा कि इससे न केवल तुरंत रोजगार पैदा होगा वरन लंबे समय तक अर्थव्यवस्था में मजबूती रहेगी।

उन्होंने कहा, "सीधा सच है कि समस्या का कोई त्वरित हल नहीं है लेकिन मैं अर्थव्यवस्था में सुधार, लोगों के रोजगार की बहाली, आपके परिवारों और आगामी पीढ़ियों के लिए अमेरिकी सपने को पुनर्जीवित करने के लिए हर दिन संघर्ष जारी रखूंगा।"

उम्मीद है कि ओबामा बुधवार को शोध और विकास गतिविधियों में कर छूट के लिए 100 अरब डॉलर की योजना की भी घोषणा करेंगे। इससे कंपनियों को उपकरणों की खरीद और अधिक कर्मचारियों को काम पर रखने में निवेश बढ़ाने की उम्मीद है।

राष्ट्रपति ने जोर दिया कि परिवहन क्षेत्र की पहल पर डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन दोनों पार्टियों को एकजुट होकर काम करने की आवश्यक है, क्योंकि इसे कांग्रेस से पारित कराने की जरूरत होगी।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+