रैगिंग से तंग छात्र ने किया आत्महत्या का प्रयास
कानपुर शहर स्थित प्राणवीर सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में पढ़ने वाले छात्र विशाल यादव (18 वर्ष) ने सोमवार देर रात परिसर स्थित छात्रावास के अपने कमरे में मच्छर मारने वाला रसायन (ऑलआउट) पी लिया। सहपाठियों ने बेहोशी की हालत में उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
कानपुर की पुलिस उपाधीक्षक हेमलता ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि विशाल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है लेकिन अभी दो-तीन दिनों तक चिकित्सक उसे निगरानी में रखेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रैगिंग से तंग आने के बाद विशाल ने अपना जीवन समाप्त करने का प्रयास किया। पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि फिलहाल हमने अज्ञात छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। रैगिंग लेने वाले छात्रों के नाम विशाल नहीं जानता है लेकिन आश्वस्त है कि वह उनको पहचान लेगा।
रैगिंग करने के आरोपी छात्रों को पकड़ने के लिए पुलिस कॉलेज के कर्मचारियों से भी सहयोग ले रही है।
विशाल के पिता हरिशंकर ने संवाददाताओं को बताया कि उनका बेटा रैगिंग से बहुत तनावग्रस्त था। वह अक्सर अपनी मां को फोन करके वापस हमीरपुर (घर) आने के लिए कहता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications