घाटी में फिर तनाव, कर्फ्यू लगा
बारामूला जिले के पालहालन गांव में सोमवार को सुरक्षा बलों के साथ झड़प में चार लोग मारे गए और कई घायल हो गए। यहां हिंसा उस समय फैली जब श्रीनगर-मुजफ्फराबाद राजमार्ग पर जाम लगाए प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की गई।
इस घटना के बाद घाटी में तनाव फैल गया। पालहालन, पट्टन, सिंहपोरा और दूसरे स्थानों पर सैकड़ों प्रदर्शनकारी पूरी रात राजमार्ग पर रहे। घाटी में 11 जून से आरंभ हुई हिस्सा में कुल 69 लोग मारे जा चुके हैं।
पट्टन के एक निवासी ने कहा, "हमने शब-ए-कद्र के मौके पर पूरी रात सड़क पर इबादत की। 11 जून के बाद यह सबसे जघन्य घटना थी। हम इसे इतनी आसानी से नहीं भूल सकते।"
कई जगहों पर भीड़ ने सुरक्षाकर्मियों पर पथराव किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "श्रीनगर में एहतियातन कर्फ्यू लगाया गया है। अनंतनगा कस्बे में सुरक्षा संबंधी कदम उठाए गए हैं।"
श्रीगनर के 'शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज सूरा' के एक चिकित्सक ने बताया, "हमारे यहां भर्ती कुछ घायलों की स्थिति गंभीर है। एक घायल को जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है। उसकी गर्दन में गोली लगी है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications